हरिद्वार (संवाददाता)  । डाक कांवड़ अपने चरम पर पहुंच गई है। बाहरी जिलों से डाक कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों का सैलाब पथरी क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। बैरागी कैंप पार्किंग में भीड़ बढ़ने के कारण लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर जगजीतपुर से कटारपुर तक जाम की स्थिति बनी हुई है। वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आ रहे हैं। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। बाहरी जिलों से आने वाले डाक कांवड़ के वाहनों को लक्सर होते हुए पथरी से हरिद्वार पहुंचना पड़ रहा है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लक्सर-हरिद्वार मार्ग को वनवे किया गया है। स्थानीय लोगों के वाहनों के लिए अलग रूट से डायवर्जन किया गया है।हाईवे पर बड़ी ट्रालियों में विशाल कांवड़ और डीजे के साथ शिवभक्तों के जत्थे नजर आ रहे हैं। डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर अपने वाहन निकालना कम कर दिया है। डाक कांवड़ के सैलाब को देखते हुए ग्रामीणों ने हाईवे किनारे रातोंरात दुकानें सजा ली हैं। पुलिस सड़क से सटी दुकानों को पीछे हटाने में जुटी है। पथरी पुलिस ने हाईवे पर गश्त भी बढ़ा दी है और व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामीणों से सहयोग लिया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में बाइक कांवड़ियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। समूह में बाइक से पहुंच रहे कई कांवड़ियों ने साइलेंसर निकाल रखे हैं। तेज आवाज में दौड़ती बाइकों से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। वहीं, डीजे की तेज आवाज और वाहनों की रफ्तार भी यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि सड़क से सटी दुकानों को पीछे हटाया गया है और ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं। बैरागी कैंप पार्किंग में भीड़ बढ़ने के कारण लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।