30 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कोलकाता (संवाददाता) । महानगर कोलकाता के वृहत्तर बड़ा बाजार को जोड़ा बागान इलाके के बाद एक ही दिन दो इमारतों के ढ़हने की घटना से आई-गई सरकारों के मंसूबों की पोल खुल गई है और व्यवस्था पर सवाल खड़े हों गए हैं।
जोड़ा बागान के बाद अब बड़ा बाजार के पोस्ता थाना क्षेत्र में दो मंजिला मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना 4 नं. सिकदार पाड़ा लेन की है। लाल बाजार पुलिस मुख्यालय ने भी आज शाम को उक्त हादसे की भी पुष्टि की। लाल बाजार पुलिस मुख्यालय के अनुसार बोरो चार के वार्ड 23 स्थित सिकदर पाड़ा लेन में तीन तल्ला इमारत आज धराशाई हो गई। इमारत के सामने का हिस्सा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। हादसे में पुलिस ने किसी के हताहत होने की खबर से इंकार किया है।
बताया जा रहा है कि मकान की सीढ़ियों के सामने का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। इसके कारण घर में मौजूद लोगों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने दूसरा एक्सेस प्वाइंट तैयार कर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दमकल विभाग के सूत्रों के मुताबिक, करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान के साथ मकान की स्थिति की भी जांच की जा रही है। लगातार बारिश के बीच कोलकाता में एक ही दिन में मकान ढहने की दो घटनाओं ने पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और राहत-बचाव टीमों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

