देहरादून (संवाददाता)। पर्यटन विभाग ने दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय ने बताया कि योजना के तहत इस वर्ष भी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को गंगोत्री धाम, बद्रीनाथ धाम, रीठा-मीठा साहिब, नानकमत्ता, कलियर शरीफ, ताड़केश्वर, कालीमठ, जागेश्वर, गैराड़गोलू, गंगोलीहाट, वैजनाथ, महासू देवता हनोल, कालिका और ज्वालपा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान परिवहन, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था परिवहन निगम, गढ़वाल मण्डल विकास निगम और कुमाऊँ मण्डल विकास निगम की ओर से की जाएगी। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक जिला पर्यटन अधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।